
गढ़ीमलहरा। बुधवार की सुबह करीब 7 बजे नगर के रहवासी इलाके में विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। विस्फोट की जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी सहित थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था, जो मामले की जांच में जुटा हुआ है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक नगर की भारतीय स्टेट बैंक शाखा के पास धमाका हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में कुछ समय के लिए सन्नाटा छा गया। जानकारी मिलने के बाद नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम गढ़ीमलहरा थाने का पुलिस बल और एफएसएल टीम लेकर मौके पर पहुंचे। विस्फोट कैसे हुआ इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ सकी है। घटना स्थल का बरीकी से निरीक्षण करने पर यह बात सामने आई है कि किसी व्यक्ति के द्वारा उक्त विस्फोटक एक सीसी के अंदर पॉलीथिन में छिपाकर रखा गया था और इसे बिजली के तारों से जोड़ा गया था। जिस वक्त ब्लास्ट हुआ उस वक्त पास में एक महिला राजकुमारी कुशवाहा थी, जो बाल-बाल बच गई है। एसडीओपी अमित मेश्राम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।








