टीकमगढ़। प्रदीप खरे।रिश्वतखोरी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इन दिनों सुविधा शुल्क का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक लोकायुक्त के हाथ लगी अनेक सफलताओं ने प्रशासन की इस मामले में उदासीनता को भी उजागर किया है। अफसरों की नाक के नीचे बसूली जाने वाली राशि को लेकर अनेक सवाल उठाए जाने लगे हैं। देखा जा रहा है कि दफ्तरों में लगे सीसीटीव्ही के बावजूद भी कर्मचारियों में किसी प्रकार का खौफ नहीं देखा जा रहा है। राजस्व, पुलिस, खनिज, आबकारी से लेकर अधिकांश दफ्तरों की कार्यशैली पर सवाल उठाए जाते रहे हैं। लोकायुक्त पर बढ़ते भरोसे ने एक बार फिर लोगों के भरोसे को कायम रखा है और एक बढ़ी कामयाबी हासिल की है। अब तक जिले में अनेक पटवारी से लेकर अधिकारियों तक पर लोकायुक्त शिकंजा कसता रहा है। लोगों ने लोकायुक्त कार्यवाही की सराहना करते हुए खुशी जताई है। ग्राम कंचनपुरा स्थित पंचम लाल कुशवाहा की किराना दुकान पर बैठे पटवारी को दस हजार की रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद से गांव में सनसनी फैल गई। दोपहर बारह बजे के लगभग अचानक ग्राम कंचनपुरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब यहां लोकायुक्त टीम द्वारा छापामारी की खबर फैली। यह टीम यहां एक आदिवासी किसान पुंटू आदिवासी पिता रगवर आदिवासी उम्र 40 वर्ष की शिकायत पर पटवारी को रंगहाथों पकडऩे पहुंची थी, जिसे कामयाबी भी मिली और पटवारी को 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। बताया गया है कि आदिवासी किसान ने सारे मामले की शिकायत लोकायुक्त सागर से की थी। जिले की गोपालपुरा खास ग्राम पंचायत अंतर्गत हुई कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग सहित नगर में सरगर्मियां तेज रहीं। बताया गया है कि महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में एवं पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में लोकायुक्त संभाग सागर के द्वारा सफल ट्रैप कार्यवाही की गई। बताया गया है कि यह छापामार कार्रवाई आवेदक ्पुंटू आदिवासी पिता रगवर आदिवासी उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम गोपालपुरा भाटा ग्राम पंचायत गोपालपुरा खास टीकमगढ़ जिला टीकमगढ़ की शिकायत पर की गई है। आरोपी का नाम अजय सूत्रकार पटवारी हल्का गोपालपुरा जिला टीकमगढ़ बताया गया है। घटनास्थल के बारे में बताया गया है कि यह सारी कार्रवाई पंचम लाल कुशवाहा की किराने की दुकान ग्राम कंचनपुरा जिला टीकमगढ़ में की गई। जहां पटवारी को रिश्वत राशि 10 हजार रूपए समेत गिरफ्तार किया गया। विवरण में बताया गया है कि आवेदक ग्राम गोपालपुर भाटा ग्राम पंचायत गोपालपुर खास टीकमगढ़ में पिछले 50 सालों से पट्टे की जमीन पर कब्जा करके कच्चा मकान बनाकर रह रहा है। अनावेदक पटवारी अजय सूत्रकर आवेदक के कच्चे मकान को अतिक्रमण घोषित कर सार्वजनिक रास्ता बनाने के एवज में 15000 रिश्वत की मांग कर रहा था । आवेदक के द्वारा लोकायुक्त कार्यालय सागर उपस्थित होकर पुलिस अधीक्षक सागर के समक्ष आवेदन पत्र दिया गया, आवेदन पत्र का सत्यापन किया गया। शिकायत सत्यापन के दौरान दिनांक 25 मई 26 को अनावेदक ने आवेदक से रिश्वत राशि 3000 रुपए प्रथम किस्त के रूप में लिए, सत्यापन उपरांत आज 02 जून 26 को आरोपी को लोकायुक्त की टीम द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों लोकायुक्त पुलिस सागर संभाग सागर द्वारा पकड़ा गया । अग्रिम कार्यवाही जारी है । ट्रैपकर्ताओं में निरीक्षक कमल सिंह उईके एवं निरीक्षक मंजू किरण तिर्की तथा लोकायुक्त सागर संभाग सागर का स्टाफ शामिल रहे। निरीक्षक मंजू तिर्की ने कहा है कि सागर संभाग में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए हेल्प लाइन नंबर 8435794333 पर फ़ोन कर सकते है ।
लोकायुक्त के बिछाए जाल में फंसा पटवारी-
सूचना मिलने पर शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने पटवारी को पकडऩे के लिए जाल बिछाया। बताया गया है कि यह पटवारी पहले ही 5 हजार रुपये की रिश्वत किसान से ले चुका था। शेष 10 हजार रुपये आज मंगलवार को दिए जाने थे। योजना के अनुसार फरियादी किसान राशि लेकर पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली कि लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। बताया गया है कि लोकायुक्त अधिकारियों ने मौके पर ही रासायनिक परीक्षण कराया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की। पटवारी अजय सूत्रकार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
छापामार दल में यह रहे शामिल-
पंचम लाल कुशवाहा की दुकान ग्राम कंचनपुरा पर पटवारी को रिश्वत मामले में पकडऩे पहुंची टीम में निरीक्षक कमल सिंह उईके, निरीक्षक मंजू किरण तिर्की तथा लोकायुक्त सागर संभाग सागर स्टाफ शामिल रहा।









