
।चंदला। थाना क्षेत्र के छपरा गांव में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पिछले तीन दिनों से लापता युवक की लाश गांव के एक कुएं में मिली। बताया गया है कि छपरा निवासी जयकुमार उर्फ बंटी पुत्र हरीलाल अहिरवार गत 28 दिसंबर की सुबह 9 बजे लापता हो गया था। दो दिन से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को जब उसकी छोटी बहन एकता अहिरवार खेत पर पहुंची तो उसे कुंए के पास बंटी की चप्पल दिखाई दी। एकता को संदेह हुआ तो उसने अपने चचेरे भाई संतराम को जानकारी दी। संतराम ने डीजल पंप चलाकर कुंए को खाली किया, जब उन्हें बंटी का शव दिखाई दिया। सोमवार की सुबह मौके पर पहुंची चंदला पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संतराम अहिरवार ने बतया कि मृतक बंटी उसका चचेरा भाई है। बंटी के 4 अन्य भाई दिल्ली में रहते हैं, जबकि वह गांव में अपनी मां और बहन के साथ रहता था।









