
एक दिन पहले चेतगिरी कॉलोनी में हुई थी घटना
छतरपुर। बीते रोज शहर की चेतगिरी कॉलोनी में आधा दर्जन से अधिक युवकों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेकर जांच करते हुए कुल 8 लोगों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है।
सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र की चेतगिरी कॉलोनी के फौलादी कलम मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक युवकों द्वारा फायरिंग कर दहशत फैलाई गई थी। इस मामले में फरियादी आदिल खान निवासी सबनीगर मोहल्ला की शिकायत पर 8 युवकों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109, 296, 351 (2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है। जिन युवकों पर मामला दर्ज किया गया है उनमें मनु उर्फ अक्षय राजा बुंदेला, बच्चू उर्फ हर्षित शर्मा, जुल्फी खान, तहजीब खान, जुल्फी का भाई भूरा खान, ऋतुराज परमार, बिट्टू मिश्रा और हनी सिंह सभी निवासी छतरपुर शामिल हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फरियादी आदिल खान निवासी सबनीगर मोहल्ला चेतगिरी कॉलोनी में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए जाता है। दो-तीन दिन पहले अंजाने में आदिल की बाइक से उछला कीचड़ मनु उर्फ अक्षय राजा बुंदेला के ऊपर गिर गया था, इसी नाराजगी के चलते मनु उर्फ अक्षय राजा बुंदेला ने अपने साथियों के साथ फायरिंग की थी।









