छतरपुर। मानसिक विक्षेप्तों की सेवा करने वाले डॉ. संजय कुमार शर्मा को एक और जिम्मेदारी मिली है। उन्हें राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान एनआईएमएचआर सीहोर की कार्यकारी परिषद का सदस्य बनाया गया है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग अंतर्गत यह संस्थान कार्य करता है। मानसिक रोगियों के पुनर्वास एवं उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं हेतु यह स्वशासी संस्थान है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से जारी किए गए आदेश में उल्लेख किया गया है कि डॉ संजय कुमार शर्मा और अर्जुन सिंह इस चार सदस्य टीम में बतौर सदस्य रहेंगे। वहीं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग दिल्ली के संयुक्त सचिव इस कार्यकारी परिषद के पदेन अध्यक्ष होंगे। संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार पदेन सदस्य तथा संस्थान के निदेशक सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे। कार्यकारी परिषद संस्थान के डायरेक्टर का सहयोग करेगी। यह कार्यकारी परिषद मानसिक रोगियों के पुनर्वास एवं समाज की मुख्य धारा से जोडऩे में लिए जाने वाले महत्वपूर्ण निर्णय के लिए कार्य करेगी। इस काउंसिल का निर्माण डायरेक्टर की मदद करने के लिए किया गया है। कार्यकारी परिषद की अनुमति से ही तमाम महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। छतरपुर के लिए यह गौरव और गर्व की बात है। उल्लेखनीय है कि डॉ शर्मा को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है अब उन्हें यह एक और जिम्मेदारी दी गई है। उनके शुभचिंतकों, मित्रों, परिचितों ने जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी है।









