
छतरपुर। कुछ माह पहले ही प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी आरटीओ बैरियर बंद कर दिए हैं, लेकिन छतरपुर जिले में बैरियर बंद होने के बाद भी वसूली किए जाने की जानकारी समाने आई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नौगांव क्षेत्र में बड़ागांव बैरियर के पास आरटीओ कर्मचारियों द्वारा चैकिंग के नाम पर ट्रकों से अवैध वसूली की जा रही है। गुरुवार को बड़ागांव बैरियर के समीप आरटीओ के प्रधान आरक्षक भारत रावत सहित दो महिला आरक्षकों सहित कुल 4 आरक्षक ट्रकों से अवैध वसूली करते देखे गए। यहां उपस्थित कई ट्रक चालकों ने बताया कि उनसे चालान के नाम पर पैसे वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं जितने पैसे उनसे लिए जाते हैं, उतने की रसीद भी नहीं दी जाती। एक ट्रक चालक ने यह बताया कि वाहन के पूरे दस्तावेज होने के बाद भी उन्हें घंटों खड़े रहना पड़ता है और पैसे देने के बाद ही उन्हें जाने दिया जाता है। बहरहाल ट्रक चालकों ने जिला परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग से मामले को संज्ञान में लेकर बंद बैरियर पर की जा रही वसूली को बंद कराने और वसूली करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।









