छतरपुर। जिले के गौरिहार तहसील अंतर्गत ग्राम उदयपुर के मुख्य रास्ते पर जलभराव और अतिक्रमण की गंभीर समस्या को लेकर आज ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गाँव के मुख्य मार्ग पर बनी नाली को अनावेदक राजू द्वारा अपने खेत के पास पक्की दीवार बनाकर अवरुद्ध कर दिया गया है।
इस अतिक्रमण के कारण साल 2023 से लगातार मुख्य रास्ते पर नाली का गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और आम राहगीरों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शासन द्वारा उक्त नाली के निर्माण हेतु 6,90,000 स्वीकृत किए गए थे, लेकिन सरपंच और सचिव की मिलीभगत से इस राशि का बंदरबांट कर दिया गया। ग्रामीण इससे पहले 26 मई 2026 को भी कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर चुके हैं, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी अब तक इस पर कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाली को अतिक्रमण मुक्त कराकर पानी की निकासी बहाल नहीं की गई, तो समस्त ग्रामवासी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।









