
पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर युवक ने लगाई न्याय की गुहार
छतरपुर। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देने पहुंचे एक युवक ने बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा पुरानी बुराई के चलते उसके साथ मारपीट करने और झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। आवेदन देकर युवक ने आरोपियों पर कार्यवाही करने की मांग की है। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चौबर निवासी राकेश पुत्र तुलईयां कुशवाह ने बताया कि गांव के प्रमोद पटेल, रमेश पटेल, देवेंद्र पटेल, प्रीतम पटेल और कमलेश पटेल से उसका जमीनी विवाद चल रहा है। राकेश के मुताबिक गत 22 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे जब वह अपने खेत पर जा रहा था तभी उक्त लोग उसे पकड़कर अपने साथ गांव की चौपाल के पास ले गए और उस पर पंप चोरी करने का झूठा आरोप लगाकर मारपीट की। जब राकेश ने शोर मचाया तो उसकी पत्नी माखनबाई कुशवाहा, बहू रूपा कुशवाहा और भाई पप्पू कुशवाहा मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी उसे धमकी देकर भाग गए। पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर राकेश ने आरोपियों पर कार्यवाही करने की मांग की है








