
दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन महिला-पुरुष घायल
छतरपुर। जिले के भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम सैरोरा में विद्युत मोटर को लेकर लेकर दो पक्षों में भीषण लाठियां चलने की घटना सामने आई है। इस विवाद में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन महिला-पुरुष घायल हुए हैं। दोनों पक्षों के घायल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती हुए हैं, जहां उनका इलाज जारी है। सैरोरा निवासी माधव सिंह घोष उम्र 48 वर्ष ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी सिंचाई कार्य में लगी विद्युत मोटर को गांव के मनोज घोष और उसके परिजनों द्वारा जानबूझकर बंद किया जा रहा था। बीते रोज जब विद्युत मोटर बंद हुई तो वह मोटर को चालू करने के लिए जा रहा था, तभी रास्ते में मनोज घोष ने अपने परिवार के एक दर्जन सदस्यों के साथ उस पर लाठी-डंडों, पत्थरों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। माधव सिंह के मुताबिक उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे सुख सिंह घोष उम्र 53, सुरेंद्र सिंह उम्र 30, पुष्पेंद्र सिंह 33 और कुलदीप सिंह उम्र 17 वर्ष के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की है। घटना के बाद माधव सिंह अपने पक्ष के अन्य घायलों के साथ थाने गया और शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस के वाहन से घायलों को बड़ामलहरा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद माधव सिंह और उसके साथी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के लोग भी इस विवाद में घायल हुए हैं। घायलों के नाम मनोज घोष उम्र 45, पप्पू घोष उम्र 40, गेंदा उम्र 44, केशर 67 और मीना बाई उम्र 40 वर्ष बताए गए हैं। दूसरे पक्ष का कहना है कि माधव सिंह और उसके साथियों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की है।








