
छतरपुर। शहर के टौरिया मोहल्ला में चित्रा टाकीज के पास रहने वाले अनिल कुमार गुप्ता के परिवार को असामाजिक तत्वों की उगाही और धमकियों से तंग आकर शहर छोडऩे को मजबूर होना पड़ा। हालांकि हिंदू संगठन की पहल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार रुक गया है। पुलिस ने मामले में फिलहाल एक आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
पीडि़त अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि राजा खान और उसके साथी उनके बेटे अंकित पर मोबाइल तोडऩे का झूठा आरोप लगाकर पैसे मांग रहे थे। परिवार ने 10 हजार रुपये दे दिए, लेकिन आरोपी और पैसे मांगने लगे। पैसे न देने पर धमकियां दी गईं, जिससे वह परिवार के साथ शहर छोडऩे की तैयारी में था। वहीं जब इस मामले की जानकारी भगवा ब्रिगेड के प्रशांत महतो को मिली तो उन्होंने परिवार को रोका और पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि अनिल कुमार गुप्ता की शिकायत पर दो आरोपी राजा खान और सालू खान को गिरफ्तार किया गया है। बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर, राजा खान को जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी के खिलाफ विवेचना जारी है।








