छतरपुर। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर के पीछे स्थित ई.व्ही.एम. वेयर हाउस का विधिवत त्रैमासिक निरीक्षण किया। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन में किए गए इस निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों के रखरखाव की बारीकी से जांच की गई। इस अवसर पर जिला कोषालय अधिकारी विनोद श्रीवास्तव सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ई.व्ही.एम. वेयर हाउस के तालों को खुलवाकर भीतर रखी मशीनों की स्थिति देखी। उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षा बल और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली को भी चेक किया। श्री अरजरिया ने कैमरों की लगातार हो रही रिकॉर्डिंग का अवलोकन किया और संतुष्टि जाहिर की। निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद गोदाम को पुन: उपस्थित प्रतिनिधियों के समक्ष लॉक कर नियमानुसार सील कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, ई.व्ही.एम. वेयर हाउस का हर माह बाहरी निरीक्षण और हर तीन माह में गोदाम को खोलकर आंतरिक निरीक्षण करना अनिवार्य होता है। आज किए गए इस त्रैमासिक निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है। निरीक्षण के अंत में संधारित किए जाने वाले आधिकारिक रजिस्टर पर उपस्थित अधिकारियों और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी कराए गए।










