
बिलहरी में गुण्डई का मामला, अस्पताल पहुंचा युवक
नौगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम बिलहरी में एक सीमेंट व्यापारी को गांव के ही दबंग व्यक्ति से अपनी उधारी मांगना महंगा पड़ गया। दबंग व्यक्ति ने दुकानदार को अपने घर बुलाया और फिर लोहे की रॉड से उस पर हमला करते हुए उसके 50 हजार रूपए भी छीन लिए। मारपीट से घायल युवक को छतरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अस्पताल में भर्ती 28 वर्षीय दुकानदार पुष्पेन्द्र प्रतापति ने बताया कि वह गांव में ही सीमेंट की दुकान संचालित करता है। गांव में सरपंची चलाने वाले राघवेन्द्र राजपूत ने उससे विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए लगभग 3 लाख रूपए का सीमेंट खरीदा था। जब उसने इस सीमेंट का पैसा मांगा तो राघवेन्द्र राजपूत के द्वारा उसे सुबह पैसा देने के नाम पर अपने घर बुलाया गया। वह दुकान में ही था इसलिए दुकान के 50 हजार रूपए जेब में डालकर दुकान बंद कर राघवेन्द्र राजपूत के घर पहुंच गया। यहंा राघवेन्द्र ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया और पीटते-पीटते उसके 50 हजार रूपए भी छीन लिए। किसी तरह युवक को परिवार के लोग यहां से नौगांव अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल की ओर रिफर कर दिया। अस्पताल में भर्ती पुष्पेन्द्र प्रजापति ने बताया कि गांव में राघवेन्द्र राजपूत का आतंक है उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।









