छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर पिछले दिनों हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उक्त वारदातों को 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी ने अंजाम दिया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोर के पास से 9 हजार 300 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि छत्रसाल नगर और महाराणा प्रताप नगर में पिछले दिनों हुई चोरी की घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद पुलिस तत्परता से जांच की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही शनि नाथ पुत्र छिद्दन नाथ उम्र 19 वर्ष, निवासी अनगढ़ टौरिया सिंचाई कॉलोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देने का जुर्म कबूल कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शनि नाथ पर पहले से 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है, और आगे की विवेचना जारी है।










