
छतरपुर। मंगलवार को छतरपुर जिले में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आंगनवाड़ी केन्द्र से बच्चों को मिली गुड़ पपड़ी में कीड़े रेंगते नजर आए। वायरल वीडियो राजनगर क्षेत्र के एक गांव का बताया गया है, जहां बच्चों को आंगनवाड़ी केन्द्र पर पैक्ड गुड़ पपड़ी दी गई थी। बच्चों को मिली गुड़ पपड़ी, जब उनकेक परिजनों ने देखी तो उन्हें कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया और यह मामला चर्चा का विषय बना गया। इस संबंध में जब महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी राजीव कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों पर 15 ग्राम प्रोटीन और 200 कैलोरी वाली गुणवत्तायुक्त गुड पपड़ी का वितरण कराया जाता है। समय-समय पर वितरित की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच भी की जाती है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है, वे इसकी जांच करवा रहे हैं। शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।









