
साढ़े 9 करोड़ की लागत से दिव्यांगों के लिए हो रही स्पेशल डिजाइन
छतरपुर। शहर की सिंचाई कॉलोनी में करीब दो एकड़ भूमि पर दिव्यांगों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस संवेदी पार्क बनाया जा रहा है, जो संभवत: वर्ष 2025 में तैयार हो जाएगा। खास बात यह है कि, उक्त पार्क प्रदेश का सबसे आधुनिक पार्क होगा, जिसे दिव्यांगों के लिए स्पेशल डिजाइन किया गया है। पार्क का निर्माण लगभग 90 फीसदी पूरा हो चुका है। कुछ आधुनिक उपकरणों के लिए शासकीय स्वीकृति की आवश्यकता है जिसके लिए महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी प्रयास कर रहे हैं।महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि यह संवेदी पार्क साढ़े 9 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है, जिसे 20 से अधिक जोन में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि पार्क में साईंस गार्डन, वाटर गार्डन, सेंसरी एरिया, आध्यात्मिक क्षेत्र, एथिकल गार्डन, डिजिटल बोर्ड के साथ एजुकेशनल एरिया, नवग्रह नक्षत्र उद्यान आदि शामिल हैं। पार्क का डिजाइन ऐसा है जहां व्हील चेयर के साथ भी दिव्यांग भ्रमण कर सकेंगे। इसके अलावा पार्क में दृष्टिहीन लोगों के लिए विजुअली इम्पायर्ड एरिया होगा, याददाश्त की कमी से जूझ रहे लोगों के लिए भी एक अलग हिस्सा मौजूद रहेगा। पार्क में बैठने के लिए आधुनिक कुर्सियां, दिव्यांगों के लिए अलग तरह के झूले और एक आकर्षक पाथ-वे भी होगा। श्री सिंह ने बताया कि कुछ आधुनिक उपकरणों के लिए शासकीय स्वीकृति की आवश्यकता है, जिसके लिए हम प्रयास कर रहे हैं। पार्क का 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है, शेष कार्य भी जल्द पूरा होगा।









