
आबकारी विभाग की टीम ने ढाबा पर दी दबिश
छतरपुर। अवैधानिक रूप से ढाबा पर शराबियों को बैठाकर शराब पिलाने वाले एक ढाबा संचालक, उसके कर्मचारियों और शराबियों के विरुद्ध आबकारी विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई की गई है। आबकारी इंस्पेक्टर जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि शहर के महोबा रोड पर संचालित भारत ढाबा पर सुराप्रेमियों को बैठाकर शराब पिलाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर दबिश देकर कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए लोगों में ढाबा संचालक के अलावा उसके 3 कर्मचारी और 5 शराबी शामिल हैं।श्री शर्मा ने बताया कि उक्त कार्रवाई नशा मुक्ति अभियान के तहत की गई है। दबिश देने पर ढाबा के अंदर बैठे लोग शराब पीते मिले, साथ ही ढाबा के कर्मचारी उन्हें सलाद-नमकीन परोस रहे थे। श्री शर्मा ने बताया कि अधिकांश लोगों को यह जानकारी नहीं है कि इस तरह सार्वजनिक स्थलों पर बैठकर शराब पीना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने अपील की है कि शराब को अधिकृत दुकानों से ही खरीदें और सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन न करें। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया हैं उनमें ढाबा के कर्मचारी मयंक पुत्र रामकिशोर चौरसिया, भगवानदास पुत्र बाबूलाल रैकवार, संजय खान पुत्र रसूल खान, आसिफ खान पिता हसन खान और शराब पीने वाला कलीम पुत्र हबीब खान, फिरोज पुत्र जुम्मन खान, नीरज पुत्र सुरेश विश्वकर्मा, अजय प्रताप पुत्र शिवप्रताप तथा इकरार पुत्र मंजुल खान शामिल हैं।









