
आरोपियों के साथ है जमीनी रंजिश, जांच में जुटी पुलिस
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम पहरा में जमीनी रंजिश के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया गया है कि जिस वक्त हमला हुआ उस वक्त घायल युवक नित्यक्रिया के लिए खेतों की ओर जा रहा था। घायल युवक के भाई की शिकायत पर बमीठा पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरु कर दी है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक पहरा निवासी 40 वर्षीय संतोष पुत्र गोरेलाल बुनकर शनिवार की सुबह करीब 6 बजे नित्यक्रिया के लिए खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ग्यादीन बुनकर और संतोष बुनकर ने कुल्हाड़ी से उसके ऊपर हमला कर दिया। संतोष के सिर, आंख और पैर में गंभीर घाव होने के कारण वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया था और उसे मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से भाग निकले। जैसे ही घटना की जानकारी संतोष के परिजनों को लगी वे तत्काल उसे बमीठा अस्पताल ले गए, साथ ही पुलिस को सूचना दी। संतोष को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं बमीठा पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। संतोष के परिजनों ने बताया कि आरोपियों के साथ उनका जमीनी विवाद चल रहा है और इसी रंजिश के चलते उनके द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है।









