
हरपालपुर। बीते रात नगर के रेल्वे स्टेशन पर रैक प्वोइंट पर काम में लगा एक मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद साथी मजदूरों द्वारा उसे अस्पताल पहुंचाया गया था जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात करीब 9 बजे रैक प्वाइंट पर एक मालगाड़ी से वारदाना अनलोड किया जा रहा था। इसी काम में लगा 26 वर्षीय हम्माल गोलू पुत्र कमलेश निवासी सकरार जिला झांसी को किसी बारात में डीजे बजने की आवाज सुनाई दी और वह बारात देखने के लिए मालगाड़ी के डिब्बे के ऊपर चढ़ गया। ध्यान हटने की वजह से गोलू मालगाड़ी के ऊपर से निकली बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया और मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई। साथी हम्माल उसे आनन-फानन में हरपालपुर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गोलू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।








