
स्थानीय स्तर के सवालों का जवाब नहीं दे सके भाजपा नेता
छतरपुर। केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए बजट को जन-जन तक पहुंचाने की मंशा से भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया जा रहा है, इसी क्रम में गुरुवार को छतरपुर जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। उक्त कार्यक्रम में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित किया। हालांकि जब स्थानीय मुद्दों को लेकर जब पत्रकारों ने अपने सवाल दागे तो वे किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।हरिशंकर खटीक ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा बजट में आम जनता, किसानों को भरपूर सहयोग का वादा किया गया है। केंद्र ने प्रदेश सरकार को 98 हजार करोड़ रुपए केन्द्रीय करों में देने का प्रावधान किया गया है। पत्रकारवार्ता में उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना की विस्तृत जानकारी पत्रकारों से साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार नए बजट के तहत पर्यटन, आवास, शिक्षा, उद्योग और किसानों के लिए कार्य करेगी। हालांकि जब स्थानीय पत्रकारों ने पत्रकारवार्ता में मौजूद जनप्रतिनिधियों से स्थानीय मुद्दों को लेकर सवाल किए तो, उनके पास कोई जवाब नहीं मिला। चूंकि केन्द्र सरकार द्वारा बनाई गई 140 आकांक्षी जिलों की सूची में छतरपुर जिला भी, इसलिए पत्रकारों ने आकांक्षी जिलों के लिए आने वाले फंड को लेकर सवाल किया था, जिसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। पूरी पत्रकारवार्ता में सिर्फ स्वयं के प्रेस नोट में लिखे बिंदुओं पर भाजपा नेता चर्चा करते रहे। मेडिकल कॉलेज के निर्माण में गुणवत्ताहीन मटेरियल इस्तेमाल किए जाने के सवाल पर विधायक ललिता यादव ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के सवाल को भी टाल दिया गया। पत्रकार वार्ता में छतरपुर विधायक ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम, अशोक दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, मोनू यादव, जयराम चतुर्वेदी, अरविंद बुंदेला, पप्पू चौरसिया, जिला प्रभारी प्रभुदयाल, सह मीडिया प्रभारी अरविंद रावत सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।









