
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवगांव के समीप फोरलेन पर हुई सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया गया है कि छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम टपरन का रहने वाला रामकृपाल पुत्र नथुआ आदिवासी उम्र 50 वर्ष अपने साथी गोरेलाल आदिवासी उम्र 50 वर्ष के साथ ग्राम सूरजपुरा एक निमंत्रण में गया था। यहां से वापिस लौटते वक्त देवगांव के समीप फोरलेन पर उसकी बाइक सड़क पर बैठे जानवर से टकरा गई। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए थे तथा उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में चिकित्सकों ने नथुआ को मृत घोषित कर दिया जबकि गोरेलाल का इलाज अभी जारी है। मृत नथुआ का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।








