छतरपुर। जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मामला सामने आया है, जहाँ एक जिला बदर अपराधी ने कानून की धज्जियां उड़ाते हुए अपने बेटों के साथ मिलकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। पीडि़ता भारती बाई बेवा हरगोविन्द राय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार 27 मई 2026 की रात करीब 10 बजे जिला बदर आरोपी भरत यादव और उसके दो बेटे कल्लू यादव व जित्तू यादव एक राय होकर आए। उन्होंने भारती बाई के पुत्र प्रहलाद राय से शराब के लिए पैसों की मांग की। प्रहलाद द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और भरत यादव ने पत्थर उठाकर प्रहलाद के दाहिने गाल पर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जब भारती बाई अपने बेटे को बचाने बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी लात-घूसों और पत्थरों से मारपीट कर दी। इस दौरान दबंगों ने घर के सामने खड़ी एक रिश्तेदार की फॉच्र्यूनर गाड़ी में भी जमकर तोडफ़ोड़ की।
पीडि़त परिवार का आरोप है कि बड़ामलहरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उल्टा आरोपी पक्ष के डब्लू यादव, भूरी यादव और राजू यादव ने रात में घर आकर धमकी दी कि यदि रिपोर्ट वापस नहीं ली, तो जान से मार देंगे। पीडि़ता ने एसपी से मांग की है कि जिला बदर होने के बावजूद क्षेत्र में रहकर आतंक मचा रहे आरोपी भरत यादव और उसके साथियों पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।









