छतरपुर। जिले के चंदला से चंदपुरा तक बन रही नई सड़क ने नगरवासियों को जाम से निजात दिलाने के बजाय एक नए नरक में झोंक दिया है। निर्माण कार्य शुरू होते ही इलाके में धूल के गुबार छाने लगे हैं, जिससे आम जनता का सांस लेना मुश्किल हो गया है। प्रशासन की अदूरदर्शिता का आलम यह है कि मुख्य मार्ग पर घंटों भीषण जाम लग रहा है, लेकिन इसे नियंत्रित करने के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं किए गए।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद यदि चाहती, तो बछौन तिराहा से बड़ी फील्ड तक पड़े बाईपास मार्ग को दुरुस्त कर यातायात डायवर्ट किया जा सकता था, लेकिन जिम्मेदारों ने इसे जरूरी नहीं समझा। वहीं, एमपीआरडीसी ने बस स्टैंड तक सड़क किनारे खुदाई कर समस्या को और विकराल बना दिया है। मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहन और बेलगाम वाहन चालकों की मनमानी के कारण जाम का अंतहीन सिलसिला जारी है। निर्माण स्थल और बस स्टैंड के पास ट्रैफिक को संभालने के लिए पुलिस बल की तैनाती न होने से अव्यवस्था और बढ़ गई है। लोग बेहाल सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं और कानून-व्यवस्था महज कागजों तक सीमित नजर आ रही है।










