छतरपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की छतरपुर कमेटी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को एक पत्र सौंपकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार संपन्न कराने की मांग की है। कांग्रेस ने पड़ोसी राज्य राजस्थान में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान सामने आई गड़बडिय़ों का हवाला देते हुए मध्य प्रदेश में ऐसी लापरवाही न होने देने की चेतावनी दी है।
यह पत्र गगन यादव की ओर से जारी किया गया है, जिसमें कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं जिनमें कहा गया है कि केवल भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मुद्रित आधिकारिक फॉर्म-07 ही मान्य होंगे। बाहर से छपे या अनधिकृत फॉर्म-07 स्वीकार नहीं किए जाएंगे और यदि जमा हो चुके हैं तो उन्हें तत्काल निरस्त किया जाए। एक बूथ पर एक दिन में अधिकतम 15 फॉर्म-07 ही ब्लॉक लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा स्वीकार किए जाएं। इसकी तिथिवार दैनिक जानकारी सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए। फॉर्म-07 एवं फॉर्म-06 भरने वाला व्यक्ति स्वयं बूथ पर उपस्थित हो और उसका फोटो लिया जाए। किसी अन्य व्यक्ति द्वारा भरे फॉर्म मान्य नहीं होंगे। यदि जिले में किसी भी बूथ से लापरवाही की शिकायत मिलती है, तो कांग्रेस पार्टी संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस ने आशा जताई है कि जिला निर्वाचन अधिकारी इन बिंदुओं पर सतर्क निगरानी रखेंगे और एसआईआर प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ पूरा करेंगे।









