खजुराहो। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वी. डी. शर्मा के नेतृत्व में राजनगर एवं चंदला विधानसभा क्षेत्रों में भव्य यूनिटी मार्च पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। यात्रा राजनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ललपुर, तालगांव से होते हुए भभुआ तक निकाली गई, जहां स्थान-स्थान पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
सोमवार 17 नवंबर को चंदला विधानसभा के कटहरा, मड़वा एवं रतनपारा में भी पदयात्रा आयोजित की गई, जिसमें मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक अरविंद पटेरिया, जिला अध्यक्ष चंद्र भान सिंह गौतम एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कटहरा में संबोधित करते हुए सांसद वी. डी. शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके आदर्शों पर चलते हुए महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि खजुराहो में सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा का अनावरण भी शीघ्र ही मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर जिला महामंत्री सुरेंद्र चौरसिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक दुबे, नगर परिषद अध्यक्ष अरुण अवस्थी, नीरज चतुर्वेदी, पंकज पांडेय, अरविंद बुंदेला, मनोज दीक्षित, पुष्पेंद्र अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









