छतरपुर। शनिवार को शहर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर बाइक रैली निकाली गई। सैकड़ों लोगों की भागीदारी वाली यह रैली चौपाटी से शुरू होकर सटई रोड पीतांबरा मंदिर के पास समाप्त हुई। राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही इस जयंती पर लौह पुरुष पटेल के योगदान को याद करते हुए युवाओं ने देशभक्ति का संदेश दिया। बाइक रैली में राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, लखन पटेल, कुर्मी क्षत्रिय समाज जिला अध्यक्ष नारायण दास पटेल, डॉ. घासीराम पटेल, रूद्र पटेल, महेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।










