
एक बदमाश फरार, बड़ी मात्रा में मिले हथियार
लवकुशनगर। थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल रोड पर आईटीआई कॉलेज के पीछे सुनसान जगह में करीब आधा दर्जन बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस को इसकी भनक लग गई और पुलिस टीम ने दबिश देकर सभी बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों के पास से पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कार भी मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत सेन ने बताया कि सोमवार की शाम को सूचना मिलने के बाद उन्होंने बदमाशों को पकडऩे के लिए तीन दल गठित किए और संबंधित स्थान पर दबिश दी, जहां 6 बदमाश बैठे हुए थे। घेराबंदी करके जब बदमाशों को पकड़ा जा रहा था तभी एक बदमाश अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया, शेष पांच बदमाशों को पुलिस टीम ने दबोच लिया। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम सूरज अहिरवार उम्र 21 वर्ष, रूपकिशोर कुशवाहा उम्र 19 वर्ष और जीतेंद्र उर्फ रबाडा अहिरवार उम्र 19 वर्ष तीनों निवासी लवकुशनगर, सुरजीत पाल उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम सदाफल थाना लवकुशनगर और हेमंत कुशवाह उम्र 21 वर्ष निवासी सिजहरी थाना श्रीनगर जिला महोबा बताए। फरार बदमाश का नाम राहुल वर्मा निवासी लवकुशनगर बताया गया है। बदमाशों के पास एक 315 बोर का कट्टा, लोहे की धारदार तलवार, सब्ब्ल, सफेद रंग की एक्सयूवी-500 कार क्रमांक एमपी 17 सीए 8410, लोहे का धारदार बका, प्लास, कुल्हाड़ी, छड़ और चार मोबाइल मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। बदमाशों ने बताया कि वे प्रतापपुरा गांव में डकैती की योजना बना रहे थे। कार्यवाही में उप निरीक्षक ज्ञान सिंह, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, बुद्ध सिंह, आरक्षक रमाकांत तिवारी, हृदेश नायक, देव सिंह, उमेश वर्मा, बलराम, सूरज शर्मा, विकास सिंह, अनिल यादव का सराहनीय योगदान रहा।








