छतरपुर। जिले में जीएसटी विभाग की एक बड़ी कार्रवाई ने व्यापार जगत में हड़कम्प मचा दिया है। स्टेट जीएसटी की 15 सदस्यीय टीम ने मंगलवार दोपहर 2 बजे से छतरपुर शहर सहित आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू की, जो बुधवार को भी जारी रही।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई प्रमुख रूप से गल्ला मंडी स्थित जाली फैक्ट्री और अग्रसेन स्कूल के पास दो फर्मों पर की जा रही है। यह फर्में ड्राईफ्रूट और मसाले के थोक कारोबार से जुड़ी हुई हैं। संबंधित फर्मों का संचालन पति-पत्नी की साझेदारी में बताया गया है। इनमें मोनू ट्रेडिंग कंपनी और तिरुपति ट्रेडर्स शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान टीम ने अलीपुरा वेयरहाउस और मऊ सानिया में भी स्टॉक का मिलान किया। अधिकारियों के अनुसार, माल के वास्तविक स्टॉक और रजिस्टर में दर्ज मात्रा के बीच अंतर की जांच की जा रही है। प्राथमिक रूप से अनुमान है कि बड़े स्तर पर कर चोरी का मामला सामने आ सकता है। टीम का नेतृत्व असिस्टेंट कमिश्नर सुरेश साकेत और एसटीओ पहलाद दांगी कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि ड्राईफ्रूट और मसालों पर 5 और 12 प्रतिशत जीएसटी दरें लागू हैं, जिनकी सही अदायगी की पुष्टि की जा रही है।










