छतरपुर। देश के विभिन्न राज्यों में दिव्यांगों को अलग-अलग पेंशन राशि दी जा रही है। सबसे कम पेंशन राशि मध्यप्रदेश में है। आंध्र प्रदेश में 6 हजार रुपये तो मध्य प्रदेश में मात्र 6 सौ रुपये दिव्यांगों को पेंशन के रूप में दिए जा रहे हैं। मानसिक विक्षिप्तों के सेवक डॉ संजय कुमार शर्मा ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर पेंशन विसंगति को दूर करने की मांग की है।
मानसिक विकसितों की सेवक डॉ संजय कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में उल्लेख किया है कि बढ़ती महंगाई के अनुरूप दिव्यांगों को पेंशन राशि बेहद कम मिल रही है। डॉ शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में उल्लेख किया है कि राजस्थान दिव्यांगों को 1500 रुपये प्रति माह पेंशन देता है। दिल्ली ढाई हजार रुपए पेंशन के रूप में दे रहा है। हरियाणा राज्य में दिव्यांगों को 2750 रुपए बतौर पेंशन दिए जाते हैं। वहीं आंध्रप्रदेश में दिव्यांगों को सबसे ज्यादा 6000 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। इन सबकी तुलना में मध्य प्रदेश में सिर्फ 6 सौ रुपये दिव्यांगों को मिल रहे हैं। डॉ शर्मा ने मध्य प्रदेश में दिव्यांगों को कम से कम 3000 रुपये प्रतिमाह बतौर पेंशन दिए जाने की मांग की है। समय पर पेंशन भुगतान एवं पेंशन के लिए एक नीति निर्धारित किए जाने की भी उन्होंने मांग रखी है।










