छतरपुर। शहर के मेला ग्राउंड में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में फल की दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दरअसल एक युवक ने लोहे की रॉड से महिला दुकानदार पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया है कि तमराई मोहल्ला निवासी श्यामदेवी पत्नी रवि कुशवाहा, अपने पति के साथ हाट बाजार में फल की दुकान लगा रही थीं। इस दौरान दुकान लगाने को लेकर एक युवक से उनका विवाद हो गया। शाम करीब 4:40 बजे वह युवक लोहे की रॉड लेकर लौटा और श्यामदेवी के सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद श्यामदेवी बाजार में ही गिर पड़ीं। उनके पति रवि कुशवाहा तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें रिक्शे से जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।









