छतरपुर। खजुराहो मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की। कंपनी ने ग्राम बैदपुर और कुंवरपुरा में ग्रामीणों, किसानों और शासकीय स्कूलों को 2000 उन्नत किस्म के फलदार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया।
वनखंड माचीगढ़, वन परिक्षेत्र जतारा के वन कक्ष क्रमांक 262 में डायस्पोर और पायरोफिलाइट खनन के लिए स्वीकृत खदान संचालित करने वाली खजुराहो मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने सामाजिक दायित्व के तहत यह कदम उठाया। ग्राम बैदपुर में ग्रामीणों, किसानों और शासकीय स्कूलों को उन्नत किस्म के फलदार वृक्ष नि:शुल्क प्रदान किए गए। इसी तरह, ग्राम कुंवरपुरा में भी ग्रामीणों और स्कूलों को पौधे वितरित किए गए। कंपनी ने ग्रामीणों से इन पौधों की देखभाल करने का आग्रह किया ताकि गांवों में हरियाली बनी रहे और पर्यावरण सुरक्षित रहे। यह पहल न केवल स्थानीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि ग्रामीणों को फलदार वृक्षों से दीर्घकालिक लाभ भी प्रदान करेगी।









