
छतरपुर। सरवई थाना क्षेत्र के ग्राम महोईखुर्द में एक साधु के साथ गाँव के ही एक युवक द्वारा इसलिए मारपीट की गई, क्योंकि साधु ने उसे मांस पकाने के लिए बर्तन देने से मना कर दिया था। घटना 25 मई की रात की है, जिसके बाद साधु की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल साधु जिला अस्पताल में भर्ती है और सख्त कार्रवाई की माँग की है।
साधु इंद्रबहादुर ने बताया कि वह महोईखुर्द गाँव के अंडी तालाब के पास रहकर भजन-पूजा करता है। 25 मई की रात करीब 9:30 बजे गाँव का छुट्टन पटेल उनके पास मांस पकाने के लिए बर्तन माँगने आया। साधु ने बर्तन देने से मना कर दिया, जिसके बाद छुट्टन ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में साधु गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। साधु की शिकायत पर सरवई थाना पुलिस ने छुट्टन पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन साधु ने माँग की है कि आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।








