
छतरपुर। आगामी रामनवमीं पर्व को लेकर रामभक्त उत्साह से भरे हुए हैं और दिन-रात मेहनत कर तैयारियां पूरी कर रहे हैं। बीते रोज शहर के संकट मोचन मंदिर से चौक बाजार तक श्रीराम दरबार की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों रामभक्तों ने भाग लिया। सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी, पुलिस बल के साथ शोभायात्रा में मौजूद रहे।
रामभक्त डीजे पर बज रहे धार्मिक गीतों की धुन पर थिरकते हुए संकट मोचन मंदिर से चौक बाजार पहुंचे, जहां जानराय टौरिया के महंत भगवानदास श्रंगारी, पीतांबरा मंदिर के पुजारी ब्रजेश महाराज सहित अन्य साधू-संतों और रामभक्तों की मौजूदगी में रामदरबार की स्थापना की गई। अगले 9 दिनों तक रामदरबार में महाआरती के साथ-साथ विविध धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इस वर्ष के राम दरबार में भगवान को पुष्पक विमान पर विराजित किया गया है। चौक बाजार में स्थापित किए गए आकर्षक रामदरबार को बुंदेलखंड के जाने-माने मूर्तिकार दिनेश शर्मा द्वारा तैयार किया गया है। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, समाजसेवी राजेन्द्र अग्रवाल, शिवसेना जिला प्रमुख मुन्ना तिवारी सहित श्रीराम सेवा समिति के सदस्य और शहरवासी मौजूद रहे।








