
हरपालपुर। नगर के वार्ड नंबर 11 में शादी के 14 दिन बाद गहने और नगदी लेकर फरार होने वाली दुल्हन और शादी कराने वाले दलाल के खिलाफ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में एक विशेष टीम का गठन किया है, जो संभावित स्थानों पर दबिश देकर गिरोह के सदस्यों को पकडऩे का प्रयास कर रही है।मामले के फरियादी राजा कॉलोनी निवासी संदीप पुत्र हरनारायण मिश्रा ने बताया कि 10 जनवरी को सूरजपाल ब्राह्मण और लल्लू ब्राह्मण दोनों पिता-पुत्र निवासी थाना गोहांड जिला हमीरपुर उत्तरप्रदेश अपने अन्य साथी भगवत पुत्र पट्टेदार पाठक निवासी महोबकंठ जिला महोबा उत्तरप्रदेश, सुरेश रावत, शीला बाई पत्नी बाबूलाल रावत (सौंर) निवासी धवारी थाना जतारा जिला टीकमगढ़ उसके घर आए थे। उक्त लोगों ने शीला बाई की पुत्री रागनी (कथित नाम) का संदीप के साथ विवाह कराने का प्रस्ताव रखा। बातचीत के शादी तय हो गई और संदीप के पिता ने दोनों पक्षों का खर्च उठाकर उत्तरप्रदेश के राठ में स्थित श्यामला देवी मंदिर से विवाह संपन्न कराया। संदीप के मुताबिक विवाह के बाद से ही रागनी का व्यवहार कुछ ठीक नहीं था। विवाह के करीब 14 दिन बाद 5 फरवरी को रागनी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाया, जिसका सेवन करने से घर के सभी सदस्य अचेत हो गए। इसके बाद रागनी ने घर में रखे सोने-चांदी के सभी जेवरात तथा 40 हजार की नगदी लेकर फरार हो गई। सुबह जब घर के लोग होश में आए तब उन्हें जानकारी लगी और थाने में शिकायत की गई। संदीप की शिकायत पर हरपालपुर थाना में दुल्हन रागनी और दलाल रामसेवक द्विवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318(4), 319(2), 123, 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की गई है।इनका कहनाफरियादी की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ हरपालपुर थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया है, उनकी तलाश की जा रही हैं। शादी कराने वाले बिचौलिए और दुल्हन की तलाश के लिए एक टीम बनाई गई है जो लगातार उनकी तलाश कर रही है।अगम जैन, पुलिस अधीक्षक, छतरपुर









