
छतरपुर। रंगों का पर्व होली आज मनाई जाएगी। पूर्णिमा से रंगपंचमी तक पांच दिवसीय इस पर्व में खासतौर से बुन्देलखण्ड में दो दिनों तक रंग महोत्सव आयोजित होता है। धार्मिक स्थलों में भी हुर्रयारों की टोलियां जाती हैं। रमजान का जुमा और होली एक ही दिन होने के कारण पुलिस काफी चौकस और चौकन्ना रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस ने तैयार रहने का दावा किया है।पूर्णिमा के दो दिनों तक रंगों का पर्व होली मनाया जाता है। प्रथम: एवं द्वितीया को विशेष पर्व होता है। सुबह से ही लोग रंग-गुलाल लगाने का सिलसिला शुरू कर देते हैं। वैसे तो छोटे बच्चों को छोड़कर अन्य लोग अपने आसपास मौजूद मंदिरों में जाकर भगवान को अबीर-गुलाल लगाने के साथ अन्य लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हैं। कई ऐसे लोग भी हैं जो विभिन्न धार्मिक स्थलों से ही त्यौहार की शुरूआत करते हैं। रंगों का पर्व होली हो और लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल न लगाएं तो त्यौहार अधूरा सा रहता है। लोगों ने पहले से ही इस त्यौहार को मनाने की तैयारियां कर ली हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व में सुबह से मिट्टी, कीचड़ और गोबर की होली खेली जाती थी और दूसरे वक्त रंगों की होली लोग खेलते थे मगर अब सिर्फ रंगों की होली खेली जाती है। होली के त्यौहार में उपयोग होने वाली सामग्री बाजार में पटी है। दुकानें पूरी तरह से त्यौहार के लिए सजकर तैयार हो गई हैं। लोग पहले की अपेक्षा अब हर्बल रंग और गुलाल का उपयोग करते हैं। कुछ ऐसी ही सामग्री बाजार में मिलती है जिसका चेहरे पर कुप्रभाव पड़ता है इसलिए त्यौहार को त्यौहार की तरह मनाकर बुरा प्रभाव डालने वाली सामग्री का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।शांति से त्यौहार मनाएं, असामाजिक तत्वों पर नजर रखें: विदिता डागरनवागत एएसपी विदिता डागर ने लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक रंगों के पर्व को मनाएं। यदि समाज में कोई असामाजिक तत्व समाज को प्रभावित करने वाली गतिविधियां करता है तो उस पर नजर रखें और उसके बारे में सूचना निकट के थाने में दें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा कर अवैधानिक गतिविधियां संचालित करने वालों पर कड़ी कार्रवाही की जाएगी। मीडिया से चर्चा करते हुए विदिता डागर ने बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार वाहन चैकिंग अभियान चल रहा है, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन पर भी विशेष गौर किया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति नशा कर वाहन चलाता है या फिर नशे में धुत होकर समाज की शांति में खलल डालता है तो यह कतई बर्दाश्त नहीं होगा। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही की जाएगी।








