
नदारद मिले चिकित्सकों को भेजा जाएगा नोटिस, सिविल सर्जन को दिए दिशा-निर्देश
छतरपुर। जिला चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं और चिकित्सकों की लापरवाही संबंधी शिकायतें मिलने के बाद गुरुवार को सुबह के समय कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदारद मिले चिकित्सकों को नोटिस भेजने और अस्पताल में मिली कमियों को दुरुस्त कराने के निर्देश कलेक्टर ने सिविल सर्जन को दिए हैं।
निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर श्री जैसवाल ने सर्वप्रथम ओपीडी और इमरजेंसी का निरीक्षण किया। कलेक्टर को ओपीडी के सर्जरी कक्ष में डॉ. आशीष शुक्ला, अस्थि रोग कक्ष में डॉ. आर.के. धमनियां, एन.सी.डी. कक्ष में डॉ. अभय सिंह नदारद मिले, जिन्हें कारण बताओ नोटिस भेजने के निर्देश कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. जीएल अहिरवार को दिए हैं। इसके बाद कलेक्टर ने दंत रोग कक्ष, बच्चा वार्ड, आईसीयू वार्ड, नेत्र रोग कक्ष, प्रसूति कक्ष देखत हुए सोनोग्राफी कक्ष का निरीक्षण किया और वार्डों में मरीजों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसएनसीयू वार्ड में बच्चों की भर्ती संख्या एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी वार्डो के बाहर डॉक्टरों एवं स्टॉफ के ड्यूटी चार्ट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मदर वार्ड में लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वार्डों में जो भी कमियां मिलीं उन्हें ठीक कराने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. जीएल अहिरवार को निर्देशित किया। उन्होंने शाम के समय भी डॉक्टर बैठने के संबंध में कार्ययोजना बनाते हुए निर्देशित किया। इसके अलावा अस्पताल में साफ सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम अखिल राठौर, सिविल सर्जन डॉ. जी.एल. अहिरवार, तहसीलदार संदीप तिवारी उपस्थित रहे।








