
हरपालपुर। नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु नगर परिषद द्वारा इंतजाम किए जा रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर नगर परिषद अध्यक्ष अमित अग्रवाल और नवागत सीएमओ महादेव अवस्थी ने कर्मचारियों के साथ नारायण सिटी स्कूल के समीप तैयार की गई नई सब्जी मंडी का निरीक्षण किया। सीएमओ महादेव अवस्थी ने बताया कि फुटपाथ पर बैठने वाले सब्जी विक्रेताओं को अगले सप्ताह से यहां पर दुकान लगाने के लिए निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे सड़क किनारे दुकान लगाकर यातायात को बाधित न करें। नई सब्जी मंडी में सब्जी और फल की दुकानें संचालित होंगी। अगले सप्ताह सब्जी विक्रताओं के साथ बैठक भी की जाएगी, जिसमें उनकी समस्याओं को सुनकर उनके साथ सामंजस्य स्थापित किया जाएगा। सीएमओ ने नगर के वार्डों में नालियों की सफाई कराने और स्प्रे मशीन से दवाइयों का छिड़काव कराने की बात भी कही है।








