छतरपुर। छतरपुर जिला न्यायालय परिसर में एक गरिमामय और उत्साहपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित अध्यक्ष अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह सहित समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के न्यायमूर्ति विवेक जैन, जो छतरपुर जिले के पोर्टफोलियो जज भी हैं, ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
समारोह में न्यायिक गरिमा और अधिवक्ताओं की एकजुटता की झलक साफ दिखाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के समक्ष पुष्प अर्पण से हुई। शपथ ग्रहण के दौरान बड़ी संख्या में जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण एवं बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारी अध्यक्ष – अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह, उपाध्यक्ष – अधिवक्ता लखन लाल दुबे, महिला उपाध्यक्ष – अधिवक्ता रश्मि यादव, सचिव – अधिवक्ता अनिल दुबे, कोषाध्यक्ष – अधिवक्ता आशीष पटैरिया सहित अन्य समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने भी न्यायमूर्ति विवेक जैन के समक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
न्यायमूर्ति विवेक जैन ने अपने संबोधन में अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने, बार-बेंच के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ की एकजुटता ही न्यायिक प्रक्रिया को तेज एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
यह शपथ ग्रहण समारोह न केवल छतरपुर अधिवक्ता संघ के लिए नया अध्याय है, बल्कि पूरे जिले की न्यायिक व्यवस्था में नई ऊर्जा एवं समर्पण का प्रतीक भी साबित हुआ। अधिवक्ता वर्ग ने इस अवसर पर एक-दूसरे के प्रति भाईचारे और सहयोग की भावना प्रदर्शित की। कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, न्यायाधीशों एवं साथी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा आश्वासन दिया कि नई कार्यकारिणी पूरी निष्ठा से संघ के उद्देश्यों को पूरा करेगी।









