
।छतरपुर। इस वर्ष की अंतिम सोमवती अमावस्या पर नगर के मतंगेश्वर महादवे मंदिर में भक्तों का सैलाब देखने को मिला। दिन भर में 20 हजार से अधिक भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। सुबह 4 बजे से शुरु हुआ जलाभिषेक का दौर पूरे दिन चला। श्रद्धालुओं ने मंदिर के बगल में मौजूद शिवसागर तालाब में स्नान करने के बाद भोलेनाथ को जल चढ़ाया और इसके बाद दान-पुण्य किया। वहीं महिलाओं ने अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए वट वृक्ष की परिक्रमा लगाई। इस दौरान मंदिर में विदेशी सैलानी भी पहुंचे, जिन्होंने मंदिर में माथा टेकने के बाद यहां के रहस्यों को जाना। इटली से आई कियाना ने बताया कि मंदिर में भगवान के दर्शन करने का काफी अच्छा अनुभव रहा, और उन्हें अनोखी ऊर्जा एहसास हुआ। सोमवती अमावस्या को देखते हुए मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाट के पास खजुराहो थाना प्रभारी अतुल दीक्षित ने पुलिस बल तैनात किया था वहीं नगर परिषद सीएमओ बसंत चतुर्वेदी ने पहले से घाट की साफ-सफाई करवाई थी।








