
लवकुशनगर। अनुविभाग अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत अंधियारी बारी का बैंहा के खोड़ा मार्ग दलदल में तब्दील होने के कारण लोग यहां से नहीं निकल पा रहे हैं। चूंकि गांव तक पहुंचने का यही एक मार्ग रास्ता है, इसलिए मजबूरन ग्रामीणों को इसी दलदल से आवागमन करना पड़ता है और उन्हें भारी परेशानी हो रही है। बैंहा के खोड़ा गांव में गरीब आधा सैकड़ा परिवार रहते हैं जो बेहद परेशान हैं। ग्रामीण मूरत यादव, जाहर सिंह, काशीराम, मुकेश, शिवम, राजकुमार, मुलायम सिंह आदि ने बताया कि जनप्रतिनिधि चुनाव के वक्त आते हैं और अधिकारियों को गांव की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। सैकड़ों आवेदन देने के बाद भी गांव को पक्की सड़क नहीं मिल सकी है। सड़क न होने से गांव में रहने वाले बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।









