
छतरपुर। महाराजा छत्रसाल रेल्वे स्टेशन छतरपुर का अमृत भारत योजना के तहत सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। योजना के तहत परिसर की सड़कों का चौड़ीकरण कराया जा रहा है, साथ ही आकर्षक लाईटिंग की गई है जो रात के वक्त स्टेशन की सुंदरता को चार चांद लगाती हैं। इसके अलावा स्टेशन परिसर में पार्क भी विकसित किए गए हैं, जिनमें तरह-तरह के पेड़-पौधे लगाकर उनकी देखरेख की जा रही है। स्टेशन पर ही छतपुर शहर की स्थापना करने वाले महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा भी लगाई जा रही है। स्टेशन से आवागमन करने वाले मुसाफिरों की यात्रा को यादगार बनाने के लिए स्टेशन पर एक सेल्फी प्वाईंट भी बनाया गया है। उक्त सभी कार्य निरंतर जारी हैं और जल्द ही कायाकल्प कार्य संपन्न होने की संभावना है।









