
छतरपुर। महिलाओं से अभद्रता करने के मामले में एक छात्रावास अधीक्षक पर कमिश्नर ने निलंबन की कार्रवाई की है। उक्त कार्रवाई को संभागीय उपायुक्त जनजाति कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास सागर संभाग के प्रस्ताव पर किया गया। आरोप थे कि अधीक्षक द्वारा लगातार महिलाओं से अभद्रता जाती है, जो अपने आचरण में सुधार नहीं कर रहे हैं। इसके चलते वह मुख्यालय पर निवास भी नहीं करते। मामले की गंभीरता को लेकर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई। इस दौरान अधीक्षक का मुख्यालय कार्यालय जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग छतरपुर नियत किया गया है। कमिश्नर द्वारा जारी किए गए आदेश में लेख किया गया कि गोविंद दास सोनकिया शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास लवकुशनगर जिला छतरपुर के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों में उल्लेख किया गया है कि गोविंद दास सोनकिया द्वारा महिलाओं का सम्मान नहीं किया जाता है और उनके विरुद्ध अभद्र भाषा का उपयोग किया जाता है। सूत्रों ने बताया कि कार्यवाही के बाद खुन्नस खाकर अधीक्षक द्वारा अन्य अधीक्षकों के साथ मिलकर षडयंत्रपूर्वक जिला संयोजक एवं दो अन्य अधीक्षकों की झूठी शिकायत की गयी है।









