
100 मीटर क्षेत्र में फैली लपटें, घायलों को भेजा अस्पताल
छतरपुर। बिजावर नगर के बस स्टेण्ड में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 38 लोग झुलस गए। इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। 34 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं 4 मामूली घायलों का बिजावर के निजी क्लिनिक पर ही इलाज किया गया। घटना रविवार दोपहर ढाई बजे बिजावर के बस स्टैंड पर हुई। घायलों में शामिल एक स्थानीय दुकानदार नीलू बघेल ने बताया कि पेटीज के ठेले पर सिलेंडर से पहले गैस लीक हुई और फिर ब्लास्ट हो गया।ब्लास्ट के बाद मची भगदड़घायलों ने बताया कि पेटीज की दुकान में तीन सिलेंडर रखे हुए थे। इनमें से एक फट गया। रविवार को बाजार लगता है इसलिए वहां बहुत भीड़ थी। धमाके के बाद भगदड़ जैसे हालात बन गए। आसपास के 100 मीटर तक के दायरे में लपटें उठीं। कई लोगों ने भागने की कोशिश की, फिर भी जल गए। घायल गनेश बंसल ने बताया कि मैं वहां पर समोसे लेने गया तभी अचानक सिलेण्डर से धुआं निकला और एकदम से आग लग गई जिससे आसपास खड़े सभी लोग जल गए। वहीं बस स्टेण्ड पर चाट की दुकान लगाए बालकिशन ने बताया कि अचानक सिलेण्डर फटने से आसपास मौजूद सभी लोग उसकी चपेट में आ गए। मैं भी जल गया हूं। सूरजपुरा से बिजावर दवा कराने आई नीलम कुशवाहा ने बताया कि वह बस स्टेण्ड पर थी तभी अचानक सिलेण्डर में ब्लास्ट हुआ जिससे वह स्वयं उसका पति प्रीतम एवं 6 माह का बच्चा प्रिंस जल गए हैं। घटना की जानकारी लगने के बाद बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू भी बिजावर अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों का हालचाल जाना।









