
एक ही दिन में तीन स्थानों से चोरी गईं बकरियां
खजुराहो। इन दिनों राजनगर के थाना बमीठा तथा खजुराहो थानांतर्गत ग्राम लखेरी क्षेत्र और आसपास में मवेशी चोर सक्रिय हैं और आए दिन मवेशियों चार पहिया वाहन से अज्ञात लोगों द्वारा चुरा लिया जाता है। ग्राम लखेरी के टपरियन निवासी वीरेन्द्र रजक ने बताया कि ग्राम टपरियन में मिजाजी पटेल पिता रामनाथ पटेल के घर से सोमवार की रात लगभग 12 बजे एक बकरा बंधा था जिसे चोर चुरा ले गए।इसी तरह ग्राम रिछाई महेश सेन पिता अनारी सेन की एक बकरी चोरी की गई। ठीक इसी तरह ग्राम मुड़ी निवासी सरमन पिता कल्लू पटेल के घर से एक बकरी तथा एक बकरा चोरी हो गया। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि अज्ञात चोर चार पहिया वाहनों से आकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सरमन पटेल ने पुलिस थाना बमीठा में थाना प्रभारी को आवेदन भी दिया है साथ ही कार्यवाही की मांग की है। ग्रामीणों की माने तो पिछले कुछ महीनों से मवेशियों के चोरी होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। अज्ञात चोर चार से पांच की संख्या में चार पहिया वाहन लेकर आते हैं पहले रैकी करते हैं फिर मवेशी चुरा ले जाते हैं, कई तो गायों और भैंसों की भी पूर्व में चोरी हो चुकी है।









