Home डेली न्यूज़ खाद के लिए मची त्राहि, भगदड़ में घायल हुआ किसान

खाद के लिए मची त्राहि, भगदड़ में घायल हुआ किसान

44
0
Jeevan Ayurveda

नाराज किसानों ने लगाया जाम, तहसीलदार ने कराया शांत

छतरपुर। रबी सीजन की बोवनी का समय आते ही जिले में खाद संकट गहराने लगा है, हालात यह हैं कि अभी से खाद वितरण केन्द्रों पर हंगामा शुरु हो गया। सोमवार को जिला मुख्यालय के जवाहर रोड स्थित खाद वितरण केन्द्र पर अधिकारियों के देर से आने की बात से नाराज होकर किसानों ने सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में जब अधिकारी पहुंचे और खाद वितरण शुरु हुआ तो टोकन वितरण के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें एक किसान घायल हो गया। घायल किसान नाराज होकर सड़क पर जाकर लेट गया, इसी बीच तहसीलदार का वाहन निकला और उन्होंने किसान को समझाइश देकर इलाज के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में खाद वितरण किया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक खाद वितरण केन्द्रों पर खाद आने की जानकारी मिलने के बाद सोमवार की सुबह करीब 8 बजे बड़ी संख्या में किसान जिला मुख्यालय पहुंच गए थे। शहर के जवाहर मार्ग पर सर्किट हाउस तिराहा के समीप स्थित खाद वितरण केन्द्र पर किसानों की लंबी कतारें लगी हुई थीं लेकिन करीब साढ़े 10 बजे तक केन्द्र पर कोई भी अधिकारी कर्मचारी नहीं पहुंचा जिससे नाराज होकर किसानों ने चक्का जाम कर दिया। हंगामे की खबर लगते ही करीब 11 बजे वितरण केन्द्र के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उनकी समझाइश पर किसानों ने जाम खोल दिया। इसके बाद जब केन्द्र का एक कर्मचारी परिसर में बने पिलर पर बैठकर टोकन बांट रहा था तभी पिलर टूटकर छापर निवासी किसान लक्ष्मण सिंह के पैर पर जा गिरा, जिससे लक्ष्मण सिंह के पैर में चोट आ गई और इसके साथ ही केन्द्र पर भगदड़ मच गई। इसी बीच घायल किसान नाराज होकर सड़क पर लेट गया। तभी तहसीलदार संदीप तिवारी का वाहन मौके से गुजरा। हंगामा होते देख उन्होंने वाहन रोका और किसानों को शांत कराकर घायल लक्ष्मण सिंह को ई-रिक्शा वाहन से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मौके पर व्यवस्थाएं बनवाई और खाद का वितरण शुरु कराया। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने केन्द्र पर पुलिस बल भी तैनात कराया, जिसकी निगरानी में अब खाद वितरण किया जा रहा है। सटई से खाद लेने के लिए आए किसान कमलेश पटेल ने बताया कि वे सुबह 6 बजे से लाइन में लगे हुए हैं, केन्द्र पर पानी और छांव की व्यवस्था नहीं है और भीड़ अधिक होने के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here