
पैक्स एवं लैम्पस समितियों के सेवायुक्तों की मासिक वेतन में अतिरिक्त वृद्धि की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
छतरपुर। पैक्स एवं लैम्पस समितियों के सेवायुक्तों की मासिक वेतन में अतिरिक्त वृद्धि को लेकर मंगलवार को सहकारिता समिति पैक्स कर्मचारी महासंघ भोपाल की जिला इकाई ने कलेक्टर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष, महाप्रबंधक एवं डीआर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है। सहकारी कर्मचारी घंटों तक डीआर कार्यालय के सामने अपनी मांगों को लेकर डटे रहे, डीआर की अनुपस्थित में प्रशासक द्वारा ज्ञापन लिया गया। मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सहकारी कर्मचारियों द्वारा ज्ञापन लेते हुए आश्वासन दिया गया कि आपकी मांग का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।पैक्स कर्मचारी महासंघ के अरविंद सिंह ने कहा कि रजिस्ट्रार द्वारा पैक्स कर्मचारियों की वेतन बढ़ाई है लेकिन उसका जिले में पालन नहीं किया जा रहा है। पूर्व में भी कर्मचारियों द्वारा आवेदन दिया गया था। उन्होंने बताया कि डीआर द्वारा जो आदेश किया गया है वह हमारे पक्ष में नहीं है उसमें कई ऐसी शर्तें लगा दी गई हैं जिसके अनुसार उन्हें बढ़ी हुई वेतन मिल पाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरह जबलपुर और टीकमगढ़ जिले में पैक्स कर्मचारियों को बढ़ी हुई वेतन दी जा रही है उसी प्रकार जिले के कर्मचारियों को बढ़ी हुई वेतन का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांगें पूरी नहीं होती तो हम चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि तीन दिवस में अगर मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो समस्त कर्मचारी उपपंजीयक कार्यालय के सामने 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल करेंगे जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि जिले के पैक्स कर्मचारियों को उक्त विषय के पत्र अनुसार अतिरिक्त वेतन भुगतान दिलाए जाने हेतु पैक्स समितियों में पदस्थ समिति प्रशासकों को आदेश जारी करने के लिए आदेशित करें। इस अवसर पर अरविंद सिंह , रामचरण पटेल, आशाराम यादवा, जोधा सिंह, करन सिंह, वीरु चतुर्वेदी, गौरीशंकर अरजरिया, पन्नालाल लोधी, लखनलाल विश्वकर्मा, शंकर दयाल पांडे सहित जिले भर से आए सहायक समिति प्रबंधक, सेल्समेन, कम्पयूटर आपरेटर, चपरासी, चौकीदार मौजूद रहे।









