
छतरपुर। भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध पॉवर इंजीनियर्स एवं एम्पलाईज एसोसिएशन द्वारा कलेक्टर कार्यालय छतरपुर में एसएलआर आदित्य सोनकिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।एसोसिएशन के प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा यह निर्णय लिया गया था कि म.प्र. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड में टी.बी.सी. बी. के माध्यम से रीवा एवं अमरपाटन के प्रस्तावित 400 के.व्ही. उपकेंद्रों का निर्माण कार्य निजी कम्पनियों से कराये जाने की प्रक्रिया को निरस्त कर यह कार्य प्रदेश की म.प्र. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी से कराये जाने तथा ट्रांसमिशन कंपनी में नियमित अभियंताओं एवं कर्मचारियों की भर्ती की मांग को लेकर पॉवर इंजीनियर्स एवं एम्प्लाईज एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।संगठन के प्रदेश महासचिव अजय कुमार मिश्रा द्वारा ज्ञापन में लेख किया गया है, कि विगत कुछ समय से प्रदेश के उपकेंद्रों का निर्माण कार्य टी.बी.सी.बी.के माध्यम से निजी कम्पनियों से कराया जा रहा है, जिसमें लागत भी अधिक आ रही है, साथ ही निजी कम्पनियों द्वारा गुणवत्तापूर्ण कार्य भी नहीं किया जा रहा है, जिससे शासन को वित्तीय हानि के साथ-साथ प्रदेश के उपभोक्ताओं के ऊपर विद्युत देयक का वित्तीय भार भी बढ़ रहा है। ज्ञापन के दौरान भारतीय मजदूर संघ प्रदेश उपाध्यक्ष हरेन्द्र सिंह चंदेल, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बुन्देला, विनोद सैनी अध्यक्ष पूर्व क्षेत्र कम्पनी, मनोज तिवारी सहायक अभियंता अतिउच्च दाब संधारण छतरपुर, चन्द्रभान पटेल लाईन परिचायक मौजूद रहे।









