
अंत्येष्टि के वक्त हुई मृतक की पहचान
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई एक सड़क दुर्घटना में अज्ञात युवक की मौत हो गई थी। पुलिस दो दिनों तक शव की शिनाख्त का प्रयास करती रही लेकिन जब शिनाख्त नहीं हो सकी तो हिंदु संगठन को अवगत कराकर अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराई गई। रविवार को हिंदु जोड़ो संगठन के सदस्य हिंदु रीति-रिवाज से सागर रोड स्थित भैंसासुर मुक्तिधाम में शव का अंतिम संस्कार करवा रहे थे, तभी मृतक की 85 वर्षीय नेत्रहीन मां और दो बहनों का भी पता चला गया और वे भी अंतिम क्रिया में शामिल होने मुक्तिधाम पहुंच गईं। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मदन अनुरागी के रूप में हुई है। अंतिम संस्कार में लगने वाली सामग्री सहित अन्य व्यवस्थाएं कराने वाले हिंदु जोड़ो संगठन के सदस्यों का परिजनों ने आभार जताया है, वहीं शहर में भी संगठन द्वारा किए गए कार्य की सराहना की जा रही है।








