छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके परिवार की प्रताडऩा से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। मृतक के पिता ने बहू और उसके परिवार पर मारपीट और प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सटई थाना क्षेत्र के अतरार गांव निवासी बाबू कुशवाहा (26 वर्ष) की शादी आठ साल पहले बक्शी के पुरवा निवासी वर्षा कुशवाहा से हुई थी। दंपति के एक बेटा और बेटी भी हैं। मृतक के पिता हल्लू कुशवाहा के अनुसार, शादी के बाद पत्नी वर्षा और उसके परिवार ने कई बार बाबू के खिलाफ सटई थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। आपसी समझौते के बाद दोनों साथ रहने लगे, लेकिन पिछले छह महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। वर्षा ससुराल में रहना नहीं चाहती थी और छह महीने से अपने मायके में थी। दो दिन पहले वह मायके वालों के साथ वर्षा ससुराल पहुंची, जहां ससुराल पक्ष के साथ उनका वाद-विवाद हुआ। इस दौरान दोपहर करीब 1 बजे बाबू कुशवाहा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजन उसे मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हल्लू कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बहू वर्षा और उसके परिवार ने बाबू के साथ मारपीट की और लंबे समय से उसे प्रताडि़त कर रहे थे, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।










