
अंधेरे का फायदा उठाकर भागा आरोपी, रात भर तलाश करती रही पुलिस1
छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम देरी में शनिवार की देर शाम हत्या के मामले में फरार चल रहे रविन्द्र सिंह परिहार ने उसे पकडऩे आई पुलिस के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और इसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस और आरोपी के बीच हुई गोलीबारी के बाद कई थानों की पुलिस देरी गांव पहुंच गई थी, लेकिन रात होने की वजह से आरोपी को नहीं पकड़ा जा सका। पुलिस द्वारा रात भर उसकी तलाश की गई लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक ओरछा रोड थाना पुलिस और सीएसपी अमन मिश्रा पिछले तीन दिनों से हत्या के मामले में फरार चल रहे देरी निवासी रविन्द्र सिंह परिहार को पकडऩे के लिए देरी गांव में दबिश दे रहे थे लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। शनिवार की शाम को एक बार फिर ओरछा रोड थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र यादव पुलिस बल के साथ देरी गांव पहुंचे, जहां आरोपी ने अचानक पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 6 राउंड फायर करने के बाद, पुलिस ने भी जवाबी फायर किए और इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी रविन्द्र सिंह मौके से भाग निकला। इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। जैसे ही आरोपी रविन्द्र सिंह द्वारा पुलिस पर फायरिंग किए जाने की सूचना जिला मु ख्यालय पर पहुंची, वैसे ही ऑडिटोरियम में चल रहे एक कार्यक्रम को छोड़कर पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित सिटी कोतवाली, सिविल लाइन और नौगांव थाना का पुलिस बल देरी गांव पहुंच गया था। पुलिस ने रात को काफी देर तक आरोपी को ढूंढऩे का प्रयास किया लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। इसके बाद अन्य थानों का पुलिस बल वापिस लौट गया, जबकि ओरछा रोड पुलिस रात भर गांव में डेरा जमाए रही।









