
खजुराहो। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन 17 से 2 अक्टूबर तक किया जाना है। इसी तारतम्य में शुक्रवार को खजुराहो नगर परिषद में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित नगर परिषद अध्यक्ष अरूण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि आशाराम पाल और उपयंत्री विद्यासागर मिश्रा ने अभियान की विस्तृत जानकारी एवं रूपरेखा साझा की।बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर को अभियान का शुभारम्भ होगा और 2 अक्टूबर को समापन। इस अवधि में दिनांकवार पृथक-पृथक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मैराथन दौड़, ब्लेक स्पॉट की सफाई, तालाबों की सफाई, पौधरोपण, प्रसंस्करण इकाईयों का भ्रमण एवं कार्यशाला, स्ट्रीट एवं बाजार क्षेत्र की सफाई, सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण, अपशिष्ट से तैयार कलाकृतियों का प्रदर्शन आदि क्रियाकलाप शामिल रहेंगे। सुषमा स्वराज हॉल नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री द्वारा शुक्रवार को किए गए उक्त अभियान के शुभारम्भ कार्यक्रम का बैठक में लाइव प्रसारण भी हुआ।









